निंबाहेड़ा – छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विजय की ओर है उदयलाल आंजना !
विधानसभा चुनाव 2023 का आंकलन
संतोष जैन- राजस्थान किरण
निंबाहेड़ा/निंबाहेड़ा छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र में 25 नवंबर 2023 को मतदान के बाद दोनों ही मुख्य पार्टियों कांग्रेस और भाजपा अपनी अपनी जीत के दावे कर रही है और दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता जिन्होंने शायद जमीनी धरातल पर ना के बराबर काम किया वह भी बिना आंकड़ों के विशेषज्ञ बनकर हजारों वोटो से अपने नेता को जीतने में पीछे नहीं है।
इस आकलन से पहले सभी को यह जानना जरूरी है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में निंबाहेड़ा – छोटीसादड़ी क्षेत्र में कुल 255431 मतदाता थे उनमें से 218315 मतदाताओं ने अपने मतदान का उपयोग किया था जो उसे वक्त के मतदान का 85.47 प्रतिशत था और उस वक्त कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना ने मतदान से 11876 वोटो से तथा 32 पोस्ट बैलेंस वोट से बढ़त लेकर कुल 11908 वोटो से विजय प्राप्त की थी। वही 2023 के विधानसभा चुनाव में इस बार 276108 मतदाता है और उसमें से 236221 मतदाताओं ने अपने मत का उपयोग किया जो कुल मतदान का 85.58 प्रतिशत है जो 2018 के मतदान के मुकाबले 0.11 अधिक है। 2018 के विधानसभा चुनाव एवं 2023 के विधानसभा चुनाव के 5 वर्षों में कुल 20677 मतदाता बढे हैं लेकिन मतदान का प्रतिशत उस अनुपात में नहीं बड़ा है। मतदान कुछ उसी तरह का हुआ है जो 2018 में हुआ था। इस मतदान में केवल छोटी सादड़ी क्षेत्र में लगभग 5 प्रतिशत मतदान में बढ़ोतरी हुई है।
अब बात करते हैं विधानसभा क्षेत्र के निंबाहेड़ा ग्रामीण क्षेत्र की 37 पंचायत की जिसमे पिछले 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना ने लगभग 4500 वोटो से चुनाव में जीत दर्ज की थी और निंबाड़ा शहर से लगभग 250 वोटो की बढ़त ली थी और कांग्रेस लगभग 5200 वोटो से 2018 की विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से बढ़त प्राप्त करने में सफल रही थी। इस बार के चुनाव बाद के आकलन में जमीनी धरातल से अलग भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और विश्वसनीय विश्लेषकों के हिसाब से 27 पंचायत में भाजपा बढ़त प्राप्त कर रही है जबकि जमीनी हकीकत पर भाजपा 20 से 22 पंचायत में बढ़त प्राप्त करती दिखाई दे रही है और पिछले बार की कांग्रेस की बढ़त को कम करती दिखाई दे रही है। जहां भारतीय जनता पार्टी के विश्लेषण को एवं कार्यकर्ताओं का मानना है कि निंबाहेड़ा क्षेत्र से जिसमें शहरी क्षेत्र भी शामिल है को मिलाकर भाजपा 12000 से 14000 वोटो की बढ़त प्राप्त करती दिखाई दे रही है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस की 5200 की लीड इस बार 1500 से 2200 रह सकती है।
वही जमीनी धरातल पर यह बढ़त कांग्रेस की पिछली बढ़त 5200 को कम करते हुए भाजपा 2000 से 3500 वोटो की बढ़त प्राप्त कर सकती है। इसमें कनेरा क्षेत्र से भाजपा को मिलने वाली 700 से 900 वोटो की बढ़त के साथ-साथ निंबाहेड़ा शहर की घटत- बढ़त बढ़त भी शामिल है।
यहां इस बात का उल्लेख भी नितांत आवश्यक है कि यदि सरकार के पक्ष में कोई अंडर करंट यदि देखा जाता है तो यह परिणाम पलट भी सकता है। इस पूरे विश्लेषण में राज्य सरकार की उपलब्धियां को ना के बराबर मानते हुए आकलन किया गया है।
अब बात करते हैं छोटीसादड़ी ग्रामीण क्षेत्र एवं नगर क्षेत्र की तो यहां इस बात का उल्लेख सबसे नितांत आवश्यक है कि इस बार छोटीसादड़ी क्षेत्र में 2018 के विधानसभा चुनाव के बनिस्पत इस बार लगभग 5 प्रतिशत मतदान बड़ा है। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं विश्लेषकों का मानना है कि इस बार भाजपा छोटीसादड़ी क्षेत्र में कांग्रेस की बढ़त को कम करेगी और कांग्रेस 2500 से 4000 वोटो की बढ़त ही प्राप्त कर पाएगी। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विश्लेषकों का दावा बड़ी लीड प्राप्त करने का है।
लेकिन जमीनी धरातल पर आकलन के पश्चात पंचायत समिति छोटीसादड़ी क्षेत्र की सभी पंचायत को प्लस- माइनस करने के बाद कांग्रेस 6000 या 8500 वोटो की लीड प्राप्त करती हुई दिखाई दे रही है। इसमें छोटीसादड़ी शहर की घटत – बढ़त भी शामिल है।
इस पूरे आकलन में वही पैमाना है यदि सरकार के पक्ष में कोई अंडर करंट यदि देखा जाता है तो यह लीड बड़ भी सकती है। इस पूरे विश्लेषण में राज्य सरकार की उपलब्धियां को ना के बराबर मानते हुए आकलन किया गया है।
इस पूरे आकलन में यह स्पष्ट है कि वर्तमान में कांग्रेस के प्रत्याशी उदयलाल आंजना 3500 से अधिक वोटो से विजय प्राप्त करते दिखाई दे रहे हैं और यदि कोई अंडर करंट और सरकार की योजनाओं का बड़ा लाभ यदि कांग्रेस को मिलता हुआ दिखाई दिया तो यह जीत बड़ी हो सकती है।